शनिवार देर शाम कंचनपुर थाना इलाके के गांव मठ कुर्रेदा में विद्युत शार्ट सर्किट से निकली आग की चिंगारी ने ऐसी तबाही मचाई कि दो सगे भाइयों का सब कुछ जलकर राख हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद निजी ट्यूबेलों द्वारा आग पर काबू पाया. लेकिन दो परिवारों का पशुधन के साथ घरेलू सामान जलकर लाखों का नुकसान हो गया। दोनों भाइयों के परिवार में खाने के लिए एक दाना भी नहीं बचा है।
जानकारी के मुताबिक बाड़ी उपखंड इलाके के गांव कुर्रेदा मठ में शनिवार देर शाम बिजली शार्ट सर्किट से राजेंद्र गोस्वामी के मकान के बगल रखे कड़बी के ढेर में आग लग गई। पल भर में में आग ने उसके भाई विजेंद्र गोस्वामी के कड़वी के ढेर को भी आगोश में ले लिया। थोड़ी देर में आग ने भयानक एवं विकराल रूप ले लिया। स्थानीय लोगों ने निजी स्तर पर कवायद कर ट्यूबेलो को चालू किया।
ग्रामीणों ने करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग हादसे पर काबू पाया। आग हादसे में पीड़ित परिवारों की 6 भैंस एवं तीन उनके बच्चे जिंदा जल गए, उसके अलावा 2 भैंस गंभीर रूप से झुलस गई, एक बाइक एवं अनाज कपड़ा बर्तन सभी घरेलू सामान जलकर राख हो गया। दोनों पीड़ित परिवारों के पास खाने के लिए अनाज का एक दाना नहीं बचा है। 2 घंटे की तबाही ने दोनों परिवारों का सब कुछ राख कर दिया। पीड़ित परिवार जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
लापरवाही : सूचना के 2 घंटे बाद भी नहीं पहुंची दमकल
2 घंटे के दावानल के दौरान पीड़ित परिवारों का सब कुछ जलकर राख हो गया दोनों परिवारों के आशियाने से लेकर खाने-पीने के सामान से लेकर घर गृहस्थी पालने के लिए घर में मौजूद आधा दर्जन दुधारू भैंस और तीन पाड़ी आगजनी में खड़े-खड़े जिंदा जल गए। ग्रामीणों ने बताया कि आग लगते ही सबसे पहले उन्होंने दमकल भेजने की सूचना दी थी 2 घंटे बाद भी दमकल मौके पर नहीं पहुंची। ऐसी स्थिति में पीड़ित परिवारों के लोगाें का सबकुछ जल गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/345tGUC

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें