पार्षद चुनाव में पहला मौका होगा, जब महिलाओं की भागीदारी सबसे अधिक देखने को मिलेगी। इस बार पिछले बोर्ड की तुलना में 50 महिला अधिक पार्षद बनकर बोर्ड में पहुंचेगी। खास बात- दोनों नगर निगमों में महिलाओं के लिए वार्ड आरक्षित तो हो गए लेकिन दोनों ही दलों में महिलाओं की सक्रियता कम है।
41 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस को महिला प्रत्याशी चुनने में खासी परेशानी हो रही है। कारण- भाजपा व कांग्रेस जिला कार्यकारिणी मेंने सिर्फ पुरुषों की ही भागीदारी है। वार्ड-मंडल-ब्लॉक स्तर पर पुरुष ही पदाधिकारी व सदस्य बने हुए हैं। भाजपा-कांग्रेस में चुनींदा महिलाएं ही बड़े पदों पर सक्रिय रही।
वार्ड स्तर पर महिला विंग को ज्यादा तव्वजो नहीं दी गई। दूसरा कारण- वार्डों की आरक्षण की लॉटरी रही, जिसके चलते कई दिग्गज व दावेदार पार्षद की दौड़ से बाहर हो गए। इसलिए 41 वार्ड ऐसे हैं, जहां पूर्व पार्षद अथवा संगठन के पदाधिकारी अपनी पत्नियों और पुत्रियों के लिए टिकट मांग रहे हैं।
-भरत सिसोदिया की रिपोर्ट
पहले 33 अब 83 महिलाएं होंगी पार्षद
पहली बार जयपुर में बने दो नगर निगम के 250 वार्ड में से 83 महिलाएं जयपुर से पार्षद चुनी जाएगी। ग्रेटर नगर निगम के 50 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हुए हैं। जबकि हैरिटेज नगर निगम में 33 महिलाएं पार्षद बनेगी। यानी जयपुर शहर में महिला पार्षदों की कुल भागीदारी 250 में से 83 रहेगी। जबकि अब से पहले 91 वार्डों में अधिकतम 33 महिलाएं पार्षद बन पाई। यानी महिला पार्षदों की भागीदारी 3 गुना बढ़ जाएगी।
ग्रेटर के 150 वार्डों में आरक्षण की स्थिति
सामान्य वार्ड के 93 पार्षद में से 31 महिलाओं के लिए, एससी 19, जिसमें 6 महिलाएं, ओबीसी 32 में से 11 महिलाएं, एसटी के 6 में से 2 महिलाओं के लिए आरक्षित हुए।
हेरिटेज के 100 वार्डों के आरक्षण स्थिति
सामान्य वर्ग के 63 वार्ड में से 20 महिलाएं, एससी 12 वार्ड में से 4 महिलाएं, ओबीसी के 21 वार्ड में से 7 महिलाएं, एसटी के 4 जिसमें 1 महिला के लिए आरक्षित रहेगा।
विधानसभा क्षेत्रवार नगर निगम के 250 वार्डों में से 83 में महिला प्रत्याशियों की स्थिति
ग्रेटर नगर निगम
विद्याधरनगर: वार्ड-1 सामान्य महिला, वार्ड-4 ओबीसी महिला। कांग्रेस के पास प्रत्याशी नहीं। वार्ड-5 व वार्ड-8 सामान्य महिला में दोनों के पास प्रत्याशी नहीं। वार्ड-11 सामान्य महिला, भाजपा कार्यकर्ता की पत्नी को उतार सकती है। वार्ड-16 सामान्य महिला, पूर्व चेयरमैन पत्नी के लिए कांग्रेस टिकट मांग रहे हैं। वार्ड-25 ओबीसी महिला, भाजपा में प्रत्याशी नहीं। कांग्रेस के पूर्व चेयरमैन बहू के लिए टिकट चाहते हैं, खुद वार्ड-18 से लड़ना चाहते हैं।
झोटवाड़ा: वार्ड-60 ओबीसी महिला, भाजपा के पास प्रत्याशी, कांग्रेस के पास नहीं। वार्ड-61 व वार्ड-43 सामान्य महिला, वार्ड-50 व वार्ड-51 ओबीसी महिला। कांग्रेस-भाजपा पूर्व पार्षद के परिजन को लड़ा सकती हैं।
मालवीयनगर: वार्ड-136 एससी महिला है। भाजपा के पास पूर्व पार्षद का दावा है। कांग्रेस के पास प्रत्याशी नहीं। वार्ड-143 ओबीसी महिला। भाजपा वार्ड अध्यक्ष की बेटी को कांग्रेस पूर्व पदाधिकारी की पत्नी को टिकट दे सकती है। वार्ड-146 सामान्य महिला से पूर्व पार्षद दावेदार हैं, कांग्रेस पूर्व पार्षद प्रत्याशी की पत्नी को ला सकती है। वार्ड-149 सामान्य महिला, भाजपा कार्यकर्ता की पत्नी को और कांग्रेस पड़ोसी वार्ड की पुरानी प्रत्याशी को टिकट दे सकती है।
सांगानेर: वार्ड-75 ओबीसी महिला। कांग्रेस ने प्रत्याशी तय कर लिया है, जबकि भाजपा पूर्व चेयरमैन की पत्नी को टिकट देना चाहती है। इसी तरह वार्ड-79 सामान्य महिला के लिए है, यहां दोनों ही दलों के पास ही मजबूत महिला कार्यकर्ता नहीं हैं। इसी तरह वार्ड 88 एससी महिला और वार्ड-77 सामान्य महिला के लिए आरक्षित है। यहां भाजपा के पास प्रत्याशी है, कांग्रेस के पास नहीं है।
बगरू: वार्ड-124 सामान्य महिला, भाजपा-कांग्रेस के पास सक्रिय प्रत्याशी नहीं। भाजपा पूर्व कार्यकर्ता के परिवार से और कांग्रेस पड़ोसी वार्ड से प्रत्याशी ढूंढ़ रही है। वार्ड-19 एसटी महिला के लिए आरक्षित, यहां भाजपा पड़ोसी वार्ड से प्रत्याशी बनाना चाहती है। कांग्रेस के पास प्रत्याशी नहीं। वार्ड-122 एससी महिला के लिए, भाजपा के पास प्रत्याशी नहीं, कांग्रेस के पास पूर्व पार्षद है।
हेरिटेज नगर निगम
किशनपोल: वार्ड-56 सामान्य महिला के लिए आरक्षित। भाजपा के पास प्रत्याशी है, कांग्रेस के पास नहीं। वार्ड-59 ओबीसी महिला, भाजपा के पास प्रत्याशी नहीं। कांग्रेस पड़ोसी वार्ड से प्रत्याशी ला सकती है। वार्ड-63 वार्ड-68, वार्ड-72 सामान्य महिला और वार्ड-73 ओबीसी महिला को आरक्षित किया गया है। कांग्रेस के पास प्रत्याशी है, भाजपा कार्यकर्ता के परिजनों को लड़ा सकती है।
सिविललाइंस: वार्ड-36 सामान्य महिला और वार्ड-40 एससी महिला, दोनों वार्डों में दोनों के पास प्रत्याशी नहीं। कार्यकर्ता की पत्नियों को लड़ाया जाएगा। वार्ड-59 अन्य ओबीसी महिला, कांग्रेस के पास प्रत्याशी नहीं। वार्ड-52 सामान्य महिला, कांग्रेस के पास प्रत्याशी नहीं। वार्ड-53 और वार्ड 54 सामान्य महिला के लिए आरक्षित, कांग्रेस ओबीसी महिला को टिकट देना चाह रही है।
हवामहल: वार्ड-1 एसटी महिला के लिए आरक्षित। यहां भाजपा के पास प्रत्याशी है, कांग्रेस के पास नहीं। वार्ड-9 ओबीसी महिला और 10 सामान्य महिला के लिए, यहां दोनों दलों के पास प्रत्याशी नहीं है। वार्ड-12 सामान्य महिला के लिए आरक्षित, लेकिन मुस्लिम बाहुल्य वार्ड। भाजपा को प्रत्याशी नहीं मिल रहा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/341WCNr

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें